पटना रविवार 28 जुलाई 2019। उत्तर प्रदेश के बरेली के विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा की कहानी एक बार फिर दोहराई गई है। बिहार के बेतिया स्थित छावनी मोहल्ले में रहने वाली एक लड़की ने अपने प्रेमी से अंतरजातीय विवाह कर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया है। इस वीडियो में लड़की अपने पिता से जान का खतरा बताते हुए धमकी न देने की गुजारिश कर रही है। इस वीडियो को साक्षी मिश्रा के केस से जोड़कर इसलिए भी देखा जा रहा है क्योंकि ये लड़की भी राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं।
युवती ने कहा...लड़की का नाम कृति है, जिसने छावनी मोहल्ले में रहने वाले किराना व्यवसायी नितेश यादव से अंतरजातीय विवाह कर लिया है। विवाह के बाद कृति ने वीडियो जारी कर पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। वीडियो में कृति अपना आधार कार्ड दिखाते हुए कह रही हैं कि, 'हम दोनों बालिग हैं और हमने अपनी मर्जी से शादी की है।' लेकिन, उनकी शादी से कृति के घर वाले खुश नहीं हैं। कृति के अनुसार उनके पिता और कुछ रिश्तेदार उन्हें लगातार फोन करके धमकियां दे रहे हैं। ऐसे में उन्हें या लड़के के घरवालों को कुछ होता है, तो इसका जिम्मेदार कृति का परिवार होगा।
युवक ने कहा...वीडियो में कृति का पति नितेश कह रहा है कि, 'ससुर जी, मान जाइए, परेशान करना बंद कीजिए। हम दोनों ने शादी कर ली है। कृति ने आपको दिखाने के लिए गले में मंगल सूत्र नहीं पहना है। यह मामला बेतिया नगर थाना का बताया जा रहा है। वीडियो जारी कर कृति और नितेश ने अपने लिए सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि, कृति के परिवार वालों की वजह से वे काफी डरे हुए हैं और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।